Wednesday, August 20, 2008

इसी तरह से ये काँटा निकाल देते हैं
हम अपने दर्द को ग़ज़लों में ढाल देते हैं

हमारी नींदों में अक्सर जो डालती हैं ख़लल
हम ऐसी बातों को दिल से निकाल देते हैं

हमारे कल की ख़ुदा जाने शक़्ल क्या होगी
हर एक बात को हम कल पे टाल देते हैं

कहीं दिखे ही नहीं गाँवों में वो पेड़ हमे
बुज़ुर्ग साये की जिनके मिसाल देते हैं

कमाल ये है वो गोहरशनास हैं ही नहीं
जो इक नज़र में समंदर खंगाल देते है

वो सारे हादसे हिम्मत बढ़ा गए मेरी
कि जिनके साये ही दम—ख़म पिघाल देते हैं

No comments: